24 वी गढ़वा जिला अंतर स्कूल क्रिकेट प्रतियोगिता में ब्राइट फ्यूचर स्कूल ने जूनियर डीपीएस स्कूल को 43 रनों से हराया
24वीं गढ़वा जिला अंतर स्कूल क्रिकेट प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में बुधवार को खेले गए मुकाबलों में ब्राइट फ्यूचर स्कूल, एनटीसीए और बीपीडीएवी ने अपने-अपने मैच जीतकर अगले चक्र में जगह बना ली।
जिला पब्लिक स्कूल समन्वय समिति के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता में पहले मैच में ब्राइट फ्यूचर स्कूल ने जूनियर डीपीएस को 43 रनों से हराया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए ब्राइट फ्यूचर ने प्रतीक के 24 रनों की मदद से निर्धारित ओवर में 121 रन बनाए।
जूनियर डीपीएस की ओर से दिलशान ने दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करते हुए जूनियर डीपीएस की टीम सृजन के 23 रनों के सहारे 78 रन पर सिमट गई। ब्राइट फ्यूचर की ओर से प्रतीक ने चार विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया।
दूसरे मैच में बीपीडीएवी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित ओवर में 98 रन बनाए, जिसमें विवेक के 28 और शोएब के 19 रन शामिल रहे। टेंडर हार्ट की ओर से अभिषेक ने चार और कशिश ने दो विकेट लिए। 99 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टेंडर हार्ट की टीम 82 रन पर ही सिमट गई।
टेंडर हार्ट की ओर से प्रिंस ने 21 और लक्की ने 20 रन बनाए, जबकि टीम को 30 अतिरिक्त रन भी मिले। बीपीडीएवी ने यह मुकाबला 16 रनों से अपने नाम किया।
एनटीसीए ने भी अपने मुकाबले में हरिजन मध्य विद्यालय को पराजित कर अगले दौर में प्रवेश किया।